Last Updated on अक्टूबर 17, 2025 14:59, अपराह्न by Khushi Verma
Reliance Industries Stock Price: रिलायंस इंडस्ट्रीज के जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही और अप्रैल-सितंबर 2025 छमाही के वित्तीय नतीजे 17 अक्टूबर को जारी होने वाले हैं। इससे पहले ब्रोकरेज फर्म इनवेस्टेक ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर के लिए कवरेज शुरू किया है। रेटिंग ‘बाय’ और टारगेट प्राइस ₹1890 प्रति शेयर रखा है। यह शेयर के 16 अक्टूबर को BSE पर बंद भाव से 35% ज्यादा है।
ब्रोकरेज ने अपने नोट में लिखा है कि RIL व्यापक आय सुधार और अच्छे कैश जनरेशन के दौर में एंट्री कर रही है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना आम बैठक के दौरान कंपनी के चेयरमैन और एमडी मुकेश अंबानी की ओर से दिए गए गाइडेंस के मुताबिक, ग्रुप लेवल पर कंपनी का EBITDA वित्त वर्ष 2022 की तुलना में वित्त वर्ष 2027 तक दोगुना हो जाना चाहिए।
रिलायंस इंडस्ट्रीज कई क्षेत्रों में देखेगी ग्रोथ
इनवेस्टेक ने अपने नोट में लिखा है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज कई क्षेत्रों में ग्रोथ देखेगी। एनर्जी वर्टिकल में अच्छे रिफाइनिंग मार्जिन, नई पेट्रोकेमिकल क्षमता और तेल व गैस उत्पादन से कमाई में स्थिरता के दम पर उछाल आ सकता है। साथ ही नॉन-एनर्जी बिजनेस की ग्रोथ रिलायंस रिटेल के रेवेन्यू में 14% की मजबूत चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) और रिलायंस जियो के प्रति यूजर एवरेज रेवेन्यू (ARPU) में लगातार बढ़ोतरी से प्रेरित होगी।
ब्रोकरेज ने आगे कहा कि वित्त वर्ष 2027 के अनुमानित प्राइस-टू-अर्निंग्स रेशियो के 18.8 गुना पर रिलायंस इंडस्ट्रीज अपनी एवरेज वैल्यूएशन से 15% कम पर कारोबार कर रही है। फ्री कैश फ्लो में सुधार, बढ़ते रिटर्न और सहायक कंपनियों के संभावित IPO सहित कई कारणों से रिलायंस इंडस्ट्रीज में सुधार और लंबी अवधि की ग्रोथ की संभावना दिख रही है।
Reliance Industries शेयर 3 महीनों में 13 प्रतिशत चढ़ा
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर को 37 एनालिस्ट कवर कर रहे हैं। इनमें से 35 ने इसे “बाय” रेटिंग दी है और बाकी 2 ने “सेल” रेटिंग दी है। 17 अक्टूबर को सुबह के कारोबार में शेयर में तेजी है। कीमत BSE पर 1 प्रतिशत तक उछली है। शेयर 16 अक्टूबर को BSE पर लगभग 2 प्रतिशत बढ़त के साथ 1398.05 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 19 लाख करोड़ रुपये के करीब है। कंपनी में जून 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 50.07 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 3 महीनों में 13 प्रतिशत मजबूत हुआ है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है